मुख्यमंत्री ने शाहपुर में 100 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल के नए भवन का किया लोकार्पण

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री ने शाहपुर में 100 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल के नए भवन का किया लोकार्पण


शिमला, 20 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार काे कांगड़ा जिला के शाहपुर में 11.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 100 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल के नए भवन का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता प्रदान की है। इस क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जा रहे है और आने वाले वर्षों में इन प्रयासों को और गति प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वास्थ्य संस्थानों में स्वीकृत पदों के मुकाबले केवल 35 प्रतिशत कर्मचारी ही उपलब्ध थे, जबकि वर्तमान सरकार ने ठोस कदम उठाते हुए डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिकल और तकनीकी स्टाफ की उपलब्धता को बढ़ाकर लगभग 70 प्रतिशत तक किया है।

सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए सरकार भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। शीघ्र ही अतिरिक्त सहायक स्टाफ नर्सों की नियुक्ति की जाएगी, जबकि डॉक्टरों के 400 पद पहले ही भरे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के चिकित्सा महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और प्रोफेसर के पदों की भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई है ताकि चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान स्थापित किए हैं। यहां लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है। इन संस्थानों को आने वाले समय में और सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि लोगों को घरद्वार के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शाहपुर में नागरिक अस्पताल के निर्माण के लिए 11.50 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग और आशीर्वाद से शाहपुर में पुलिस थाना और आईटीआई का निर्माण कार्य भी किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780238 Articles

Share this story