नाहन में साल बाद आम लोगों के लिए खुला शाही राजमहल

WhatsApp Channel Join Now
नाहन में साल बाद आम लोगों के लिए खुला शाही राजमहल


नाहन में साल बाद आम लोगों के लिए खुला शाही राजमहल


नाहन, 24 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन में रविवार को वर्षों पुरानी परंपरा के तहत शाही राजमहल आम लोगों के लिए खोला गया। नगर देवता खेड़ा महाराज के वार्षिक भंडारे के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग शाही महल पहुंचे और महल के भीतर स्थित प्राचीन मंदिर में दर्शन किए। आम दिनों में बंद रहने वाला यह ऐतिहासिक महल लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा।

नाहन रियासत काल से नगर देवता के रूप में पूजे जाने वाले खेड़ा महाराज का मंदिर शाही महल परिसर के भीतर स्थित है। हर साल खेड़ा महाराज के नाम पर विशेष पूजा और भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा के तहत साल में एक बार शाही महल के दरवाजे आम जनता के लिए खोले जाते हैं ताकि लोग नगर देवता के दर्शन कर सकें।

रविवार सुबह से ही महल के बाहर लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। लोग कतारों में लगकर मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इस दौरान कई लोगों ने पहली बार शाही महल के भीतर जाकर उसकी ऐतिहासिक बनावट और पुराने राजसी माहौल को करीब से देखा। महल के अंदर धार्मिक और उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

इस मौके पर सिरमौर शाही परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। दिव्या श्री ने कहा कि खेड़ा महाराज की कृपा हमेशा नाहन शहर पर बनी रही है। उन्होंने कहा कि नाहन के लोग उनके परिवार की तरह हैं और आम लोगों के लिए शाही महल खोलने की यह परंपरा आगे भी जारी रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story