एसएफआई के नेतृत्व में सराज लंबाथाच कॉलेज में साइंस फैकल्टी को बचाने के लिए छात्र प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
एसएफआई के नेतृत्व में सराज लंबाथाच कॉलेज में साइंस फैकल्टी को बचाने के लिए छात्र प्रदर्शन


मंडी, 30 जून (हि.स.)। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के नेतृत्व में सराज लंबाथाच कॉलेज में साइंस फैकल्टी को हटाने के प्रस्तावित निर्णय के विरोध में विशाल एवं शांतिपूर्ण छात्र प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, अभिभावकों, युवाओं, पूर्व विद्यार्थियों तथा क्षेत्र के जागरूक नागरिकों ने भाग लेकर शिक्षा के अधिकार की रक्षा के लिए अपनी एकजुटता का परिचय दिया।

एसएफआई के अध्यक्ष महेंद्र ठाकुर एवं सचिव मनीष ठाकुर ने कहा कि सराज लंबाथाच कॉलेज से साइंस फैकल्टी को हटाने का निर्णय क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि सराज एक दुर्गम एवं ग्रामीण क्षेत्र है, जहां अधिकांश विद्यार्थी साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। यदि साइंस फैकल्टी समाप्त की जाती है, तो अनेक विद्यार्थियों के लिए दूर स्थित कॉलेजों में प्रवेश लेना आर्थिक और सामाजिक रूप से कठिन हो जाएगा। जिससे उनकी उच्च शिक्षा प्रभावित होगी और कई छात्र-छात्राओं को पढ़ाई बीच में छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है।

एसएफआई का कहना है कि सरकार को शिक्षा के अवसरों का विस्तार करने के बजाय उन्हें सीमित नहीं करना चाहिए। नई शिक्षा सुविधाएं विकसित करने, रिक्त प्राध्यापकों के पद भरने और कॉलेज के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की आवश्यकता है, न कि उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं को समाप्त करने की। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि साइंस फैकल्टी को हटाने का निर्णय वापस नहीं लिया गया, तो एसएफआई विद्यार्थियों और स्थानीय जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक एवं व्यापक जनआंदोलन चलाएगी। जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और शिक्षा विभाग की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story