एसएफआई की नई राज्य कमेटी गठित, नावेद आलम अध्यक्ष और कमल शर्मा सचिव निर्वाचित

WhatsApp Channel Join Now
एसएफआई की नई राज्य कमेटी गठित, नावेद आलम अध्यक्ष और कमल शर्मा सचिव निर्वाचित


शिमला, 22 नवंबर (हि.स.)। स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) ने हिमाचल प्रदेश में संगठन के विस्तार और छात्र अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के लिए नई रणनीति तय की है। संगठन के 23वें राज्य सम्मेलन में 35 सदस्यीय राज्य कमेटी और 12 सदस्यीय राज्य सचिवालय का चुनाव किया गया। इसमें कॉमरेड नावेद आलम को राज्य अध्यक्ष और कॉमरेड कमल शर्मा को राज्य सचिव चुना गया।

शिमला में रविवार तक चले तीन दिवसीय सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों से आए प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में शिक्षा व्यवस्था, छात्र अधिकारों, संगठन की स्थिति और प्रदेश के शैक्षणिक एवं राजनीतिक हालात पर चर्चा हुई।

नवनिर्वाचित राज्य कमेटी में विवेक नेहरा, पवन कुमार, साहिल जिंटा, राघव, केवाल, वंश, अमन, दीपक, जय सिंह, चैनलाल, किशोर, साहिल, आशीष, उपेंद्र, पूजा, कृतिका, निशुति, हेमलता, संजया, रेणुका, तिलक राज, प्रवेश शर्मा, अंशुल मिन्हास, विवेक बिष्टा, रोहित वर्धन, प्रियांश, रितेश कुमार और सन्नी सेकटा सहित अन्य सदस्य शामिल हैं।

सम्मेलन में पेश सांगठनिक रिपोर्ट पर भी चर्चा हुई। इसमें सार्वजनिक शिक्षा व्यवस्था, स्कूलों को बंद किए जाने, शिक्षण संस्थानों में फीस वृद्धि, रिक्त पदों, छात्रवृत्तियों और निजीकरण के मुद्दे उठाए गए।

नई कमेटी ने आने वाले समय में स्कूलों को बंद करने के विरोध, शिक्षण संस्थानों में फीस वृद्धि के खिलाफ आंदोलन और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्वायत्तता की रक्षा को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया। निजी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों के शोषण और बढ़ते मानसिक दबाव के मुद्दे भी उठाए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story