शिव कॉलोनी में गंदे पानी का संकट, 400 परिवार परेशान, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
शिव कॉलोनी में गंदे पानी का संकट, 400 परिवार परेशान, चुनाव बहिष्कार की चेतावनी


नाहन, 27 अप्रैल (हि.स.)। सिरमौर जिला के पोंटा साहेब क्षेत्र के तहत नगर पालिका क्षेत्र की शिव कॉलोनी, वार्ड नंबर 13 (ए, बी और सी वार्ड) के लगभग 400 से अधिक परिवार पिछले लंबे समय से गंदे पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। तारुवाला के प्रमुख चौराहे पर स्थित पीने के पानी की नहर को अवैध कब्जाधारियों द्वारा बंद कर दिया गया है। इसके ऊपर पंचायत क्षेत्र के लोगों द्वारा घरों और शौचालयों का गंदा पानी इसी नहर में छोड़ा जा रहा है। नहर बंद होने के कारण गंदा पानी ओवरफ्लो होकर ढलान की वजह से शिव कॉलोनी के घरों में घुस जाता है। हालात इतने खराब हैं कि लोगों को मुंह पर मास्क लगाकर यहां से गुजरना पड़ता है। गंदे पानी से उठने वाली बदबू, मच्छरों और मक्खियों के कारण कई रोग फैलने की आशंका भी रहती है।

स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि हाउस टैक्स और अन्य सभी टैक्स देने के बावजूद उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले चुनावों में वे चुनाव का बहिष्कार करेंगे। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो वे अपनी मांगों को लेकर सड़क जाम करने पर मजबूर होंगे।

समाजसेवी नथुराम चौहान ने बताया कि वहां की स्थिति वास्तव में बेहद दयनीय है। उन्होंने कहा कि नहर में इतना गंदा पानी जमा है कि यदि कोई बच्चा उसमें गिर जाए तो उसकी जान भी जा सकती है। गंदगी और बदबू के कारण गंभीर बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। नाथूराम चौहान ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान किया जाए, क्योंकि सरकार का काम लोगों को सुविधा देना है, दुविधा में डालना नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब स्थानीय विधायक, पार्षद और अधिकारी जनता के दुख-दर्द में साथ नहीं खड़े होते, तो उन्हें जनता से वोट मांगने का अधिकार भी नहीं होना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story