गंभीर रूप से बीमार भिंडर कुमार की मदद को आगे आया रोटरी क्लब ऑफ मंडी

WhatsApp Channel Join Now
गंभीर रूप से बीमार भिंडर कुमार की मदद को आगे आया रोटरी क्लब ऑफ मंडी


मंडी, 09 अगस्त (हि.स.)। मंडी जिला के गभीर रूप से बीमार भिंडर कुमार की मदद के लिए रोटरी क्लब ऑफ मंडी के सदस्य आगे आए। भिंडर कुमार की दोनों किडनियां खराब है और घर की आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं है। रोटरी क्लब की अध्यक्ष तारा देवी सेन ने बताया कि कुछ दिन पूर्व क्लब को भिंडर कुमार की गंभीर स्वास्थ्य एवं आर्थिक स्थिति के संबंध में सहायता का अनुरोध प्राप्त हुआ था। उनकी दोनों किडनियां पूरी तरह खराब हो चुकी हैं तथा शरीर का एक हिस्सा पैरालाइज्ड है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उनके उपचार का खर्च उठाना कठिन हो रहा है। इस परिवार का सहारा उनके भाई हैं, जो इंदिरा मार्केट, मंडी में सहायक के रूप में कार्यरत हैं।

उन्होंने बताया कि भिंडर कुमार की हालत को देखते हुए रोटरी क्लब के सदस्यों ने अपनी इच्छा से व्यक्तिगत योगदान एकत्रित कर 10,000 की सहायता राशि प्रदान करने का निर्णय लिया। यह राशि क्लब के आधिकारिक फंड से नहीं, बल्कि रोटेरियंस द्वारा स्वेच्छा से किए गए व्यक्तिगत योगदान सर्विस अबव सेल्फ की भावना से दी गई है। इस राशि का चेक उनके भाई को रोटरी क्लब ऑफ मंडी की अध्यक्ष रोटेरियन तारा देवी सेन, सचिव रोटेरियन डॉ. जीवनानंद चौहान तथा कोषाध्यक्ष रोटेरियन नलिन कपूर द्वारा सौंपा गया।

क्लब अध्यक्ष रोटेरियन तारा देवी सेन ने कहा कि जरूरत के समय किसी पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना ही रोटरी की सर्विस अबव सेल्फ की सच्ची भावना है। उन्होंने कहा कि सदस्यों द्वारा किया गया यह छोटा-सा व्यक्तिगत सहयोग परिवार के लिए कठिन समय में एक संबल बन सके, यही क्लब की भावना है। रोटरी क्लब ऑफ मंडी ने भिंडर कुमार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि क्लब के सदस्य भविष्य में भी अपनी व्यक्तिगत क्षमता के अनुसार जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story