प्रख्यात चित्रकार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर जारी होगा 125 रुपए का सिक्का

WhatsApp Channel Join Now
प्रख्यात चित्रकार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर जारी होगा 125 रुपए का सिक्का


प्रख्यात चित्रकार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर जारी होगा 125 रुपए का सिक्का


मंडी, 29 नवंबर (हि.स.)। भारत की समृद्ध कला और सांस्कृतिक विरासत के लिए ऐतिहासिक गौरव के क्षण में भारत सरकार प्रसिद्ध चित्रकार सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती के अवसर पर 125 रुपए का स्मारक सिक्का जारी करने जा रही है। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा इस स्मारक सिक्के को जारी करने के लिए 25 नवंबर 2026 को गजट अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। महान चित्रकार सरदार सोभा सिंह की पेंटिंग्स, जीवन दर्शन और कलात्मक विरासत ने उन्हें भारतीय कला एवं संस्कृति के इतिहास में एक विशिष्ट स्थान दिलाया है।

इस सम्मान के साथ सोभा सिंह देश के पहले ऐसे भारतीय चित्रकार बन जाएंगे, जिन्हें भारत सरकार द्वारा स्मारक सिक्के से सम्मानित किया जा रहा है। 29 नवंबर 1901 को पंजाब के हरगोबिंदपुर गुरदासपुर में जन्मे सोभा सिंह ने भारत विभाजन के बाद हिमाचल प्रदेश के पालमपुर के निकट अंदरेटा को अपनी कर्मभूमि बनाया। उन्होंने अपने अद्वितीय चित्रों के माध्यम से भारतीय कला जगत में विशेष पहचान बनाई। सिख गुरुओं, विशेषकर गुरु नानक देव जी और गुरु गोबिंद सिंह जी के उनके प्रसिद्ध चित्र आज सिख आध्यात्मिक विरासत के प्रतीक माने जाते हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनेक राष्ट्रीय नेताओं के चित्र बनाए तथा हीर-रांझा और सोहनी-महिवाल जैसी प्रसिद्ध पंजाबी प्रेम गाथाओं को भी अपनी कला के माध्यम से जीवंत किया। भारतीय कला में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 1983 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।

हिमाचल प्रदेश के अंदरेटा में स्थित सोभा सिंह आर्ट गैलरी में आज भी उनकी कलात्मक विरासत संरक्षित है। यह पंजाब और हिमाचल प्रदेश दोनों के लिए गौरव का क्षण है कि इन क्षेत्रों से जुड़े एक महान कलाकार के सम्मान में भारत सरकार स्मारक सिक्का जारी करने जा रही है।

सिक्कों का संग्रहण एवं अध्ययन करने वाले प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत ने बताया कि इस सिक्के का निर्माण भारत सरकार की मुंबई टकसाल में किया जाएगा। उनके अनुसार यह सिक्का सामान्य प्रचलन में नहीं आएगा, बल्कि सरदार सोभा सिंह के प्रशंसक और देश-विदेश के सिक्का संग्रहकर्ता इसे एक ऐतिहासिक धरोहर के रूप में सहेजकर रखने के लिए खरीदेंगे। सुधीर लुणावत के अनुसार 125 रुपए अंकित मूल्य वाले इस स्मारक सिक्के की अनुमानित कीमत लगभग 1,500 रुपए हो सकती है। यह 125 रुपए का स्मारक सिक्का निकेल सिल्वर धातु से निर्मित होगा। इसमें 60 प्रतिशत तांबा, 20 प्रतिशत निकेल और 20 प्रतिशत जिंक होगा। जिसका अंकित मूल्य: 125 रुपए,

वजन 32 ग्राम, व्यास: 44 मिलीमीटर,धातु: निकेल सिल्वर,किनारे पर 200 धारियां ।

सिक्के के मुख भाग के मध्य में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष होगा, जिसके नीचे'सत्यमेव जयते अंकित होगा। बाईं परिधि पर देवनागरी में 'भारत' तथा दाईं परिधि पर अंग्रेजी में INDIA लिखा होगा। सिंह शीर्ष के नीचे रुपये का प्रतीक ₹ और अंतरराष्ट्रीय अंकों में 125 अंकित होगा। सिक्के के पृष्ठ भाग के मध्य में महान चित्रकार सरदार सोभा सिंह का चित्र अंकित होगा। ऊपरी परिधि पर देवनागरी में 'सोभा सिंह की 125वीं जयंती' तथा प्रकाश के साधक, मानवता के चित्रकार लिखा होगा। वहीं निचली परिधि पर अंग्रेजी में 125th Birth Anniversary of Sobha Singh तथा सीकर आफ लाइट, पेंटर आफ हयूमिनीटी अंकित होगा। चित्र के बाईं ओर रंगों की पट्टिका और पेंटिंग के ब्रश दर्शाए जाएंगे। सिक्के पर 1901-2026 वर्ष भी अंकित होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785351 Articles

Share this story