चौहारघाटी के लापता रणजीत की तलाश में सर्च ऑपरेशन, 60 पुलिस जवानों ने खंगाले जंगल नहीं मिला सुराग
मंडी, 20 सितंबर (हि.स.)। मंडी जिले की चौहारघाटी की रोपा पंचायत के रोपा गांव निवासी रणजीत पुत्र श्रवण कुमार के रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता होने के करीब दो माह बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की अगुवाई में पुलिस ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। पुलिस की करीब 60 जवानों की टीम के साथ 40 से अधिक ग्रामीण, पंचायत प्रतिनिधि और रणजीत के स्वजन भी तलाश में जुटे। दिनभर कथोग, रोपा और साथ लगते जंगलों तथा ऊंचाई वाले क्षेत्रों को खंगाला गया, लेकिन अभी तक रणजीत का कोई पता नहीं चल पाया।
सर्च ऑपरेशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा, डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी सहित पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने अलग-अलग समूह बनाकर जंगलों, पैदल रास्तों, ढांक और दुर्गम क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया। ग्रामीणों और स्वजन ने भी पुलिस टीमों के साथ मिलकर संभावित स्थानों पर खोजबीन की। कई घंटे तक चले अभियान के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस टीमों को वापस लौटना पड़ा।
बताया जा रहा है कि रणजीत 23 जुलाई को हुरंग गांव में आयोजित काहिका उत्सव में शामिल होने गया था। उत्सव में शामिल होने के बाद वह वापस अपने घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को भी इसकी सूचना दी। इसके बाद से पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों और रास्तों पर जानकारी जुटा रही है।
डीएसपी पधर लोकेंद्र नेगी के अनुसार रणजीत ने अंतिम बार अपनी पत्नी को फोन किया था। फोन पर उसने बताया था कि वह रास्ता भटकने के कारण काफी ऊंचाई वाले क्षेत्र में पहुंच गया है। उसने पत्नी से कहा था कि वहां घनघोर अंधेरा है और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा। यहां तक कि कहीं बिजली का बल्ब तक जलता हुआ नजर नहीं आ रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया और तभी से उससे संपर्क नहीं हो पाया है।
रणजीत के फोन पर हुई अंतिम बातचीत को आधार बनाकर पुलिस ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी कई स्थानों पर तलाश की। पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित रास्तों, जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों की छानबीन की।
शनिवार को चलाए गए व्यापक सर्च अभियान में भी इन्हीं क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई। हालांकि, देर शाम तक रणजीत से संबंधित कोई वस्तु, मोबाइल या अन्य सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा।
एसपी विनोद कुमार ने कहा कि लापता युवक की तलाश के लिए संभावित क्षेत्रों में खोजबीन जारी रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

