(अपडेट) : युमना पुल से व्यक्ति ने लगाई छलांग, तलाश जारी
नाहन, 28 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में रविवार रात एक व्यक्ति ने यमुना पुल से नदी में छलांग लगा दी। पूरी घटना गोविंद घाट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। घटना के बाद से व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
सूचना मिलते ही पांवटा साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। यमुना नदी में व्यक्ति की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच करने के साथ-साथ व्यक्ति की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी जुटा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यमुना नदी में छलांग लगाने वाला व्यक्ति पांवटा साहिब निवासी 54 वर्षीय नितिन गुप्ता बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर परेशान थे। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार यमुना नदी तथा आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चला रही है। बरसात के बाद यमुना नदी का जलस्तर अभी भी काफी अधिक है, जिससे सर्च ऑपरेशन में चुनौतियां सामने आ रही हैं। फिलहाल लापता व्यक्ति का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

