टौणी देवी में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना से दी 16.40 लाख की मदद

WhatsApp Channel Join Now
टौणी देवी में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना से दी 16.40 लाख की मदद


हमीरपुर, 15 सितंबर (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत गठित खंड स्तरीय निगरानी एवं समीक्षा समिति की बैठक मंगलवार को यहां एसडीएम हमीरपुर संजीत सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें उक्त योजनाओं की समीक्षा की गई। इस अवसर पर एसडीएम ने बताया कि टौणी देवी खंड में अभी छह माह से 3 वर्ष तक की आयु के 1750 शिशुओं, 568 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं और आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत 3 से 6 वर्ष तक के 466 बच्चों को 248 सक्षम आंगनवाड़ी केंद्रों के माध्यम से पूरक पोषाहार प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि टौणी देवी खंड में 3 से 6 वर्ष तक की आयु के 1761 बच्चे हैं। इनमें से 355 बच्चे सरकारी स्कूलों और 940 बच्चे प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे हैं, जबकि 466 बच्चे आंगनवाड़ी केंद्रों में पंजीकृत हैं।

पोषण 2.0 की समीक्षा करते हुए एसडीएम ने कहा कि टौणी देवी खंड में 5 वर्ष तक के 3157 बच्चों में से 8 बच्चे कुपोषित और 66 बच्चे आंशिक रूप से कुपोषित पाए गए हैं। महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी इन कुपोषित बच्चों के पोषण पर विशेष रूप से फोकस करें। बेटी है अनमोल योजना के तहत टौणी देवी खंड में इस वित्त वर्ष में अभी तक 4.53 लाख रुपये, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत 5.10 लाख रुपये, मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत 3.72 लाख और विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत 8 लाख रुपये वितरित किए जा चुके हैं।

निराश्रित महिलाओं के 205 बच्चों की शिक्षा के लिए इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना के तहत 7.62 लाख रुपये, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के 18 लाभार्थियों को 16.40 लाख रुपये वित्तीय मदद प्रदान की गई है। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत विभिन्न गतिविधियों पर 83.86 हजार रुपये, पोषण अभियान पर 8.14 लाख और प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना के तहत 10.69 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story