दीदग स्कूल के विद्यार्थियों ने मानव हिल रिसॉर्ट में सीखी पर्यटन व्यवसाय की बारीकियां।

WhatsApp Channel Join Now
दीदग स्कूल के विद्यार्थियों ने मानव हिल रिसॉर्ट में सीखी पर्यटन व्यवसाय की बारीकियां।


नाहन, 30 अप्रैल (हि.स.)। दीदग स्कूल के विद्यार्थियों ने मानव हिल रिसॉर्ट में सीखी पर्यटन व्यवसाय की बारीकियां। सिरमौर जिला में हरिपुरधार के निकट राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दीदग के पर्यटन एवं होस्पिटलिटी विषय का अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों के लिए आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला संपन्न हो गई । इस कार्यशाला में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दीदग के लगभग तीन दर्जन विद्यार्थियों ने मानव हिल रिसॉर्ट, बड़याल्टा में रात्रि ठहराव करके हॉस्पिटैलिटी एवं पर्यटन व्यवसाय का प्रैक्टिकल ज्ञान अर्जित किया। इन विद्यार्थियों को रिजोर्ट के अंदर हाउसकीपिंग, कैटरिंग कुकिंग और रिसॉर्ट की सफाई व्यवस्था के बारे में व्यवहारिक ज्ञान दिया गया।

रिजोर्ट के प्रबंध निदेशक मेलाराम शर्मा ने बताया कि पाठशाला से आए इन विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा से हटकर पर्यटन व्यवसाय को जीवन यापन का साधन बनाने के बारे में व्यवहारिक ज्ञान दिया गया और विद्यार्थियों से ही रिजल्ट के अंदर रूम सर्विस, हाउसकीपिंग, साफ सफाई कुकिंग केंसिंग्टन, टेंटिग और कैटरिंग कार्यों का प्रैक्टिकल कार्य करवाया गया ।

उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय की अपार संभावनाएं हैं और इस व्यवसाय के माध्यम से विद्यार्थी अपना उज्जवल भविष्य ही नहीं अपितु दूसरों को भी रोजगार के साधन उपलब्ध करवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नैसर्गिक प्राकृतिक सौंदर्य और स्वच्छ आबोहवा के कारण यहां हिंदुस्तान ही नहीं अपितु पूरे विश्व से लाखों सैलानी भमण पर आते हैं और होटल और पर्यटन व्यवसाईयों को अच्छी खासी आमदनी उपलब्ध कराते हैं। इस दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को ट्रैकिंग भी करवाई गई और सांयकाल में बोनफायर और डीजे म्यूजिक लगाकर हिमाचली लोक संगीत के माध्यम से खूब मौज मस्ती करवाई गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story