मुख्यमंत्री से मिले हिमाचल विश्वविद्यालय के शोधार्थी, शिक्षा पर हुई चर्चा

WhatsApp Channel Join Now
मुख्यमंत्री से मिले हिमाचल विश्वविद्यालय के शोधार्थी, शिक्षा पर हुई चर्चा


शिमला, 09 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार को अपने सरकारी आवास ‘ओक ओवर’ में नादौन विधानसभा क्षेत्र के छात्रों और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में अलग-अलग विभागों में शोध कर रहे पीएचडी शोधार्थियों से मुलाकात की। इस दौरान छात्रों के भविष्य, शिक्षा और नादौन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बातचीत में नादौन के विकास को आगे बढ़ाने में युवाओं और शोधार्थियों की भूमिका पर भी विचार साझा किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के विकास में युवाओं की प्रतिभा और उनके सुझावों की अहम भूमिका है। उन्होंने नादौन को आगे ले जाने के लिए युवाओं से सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को आधुनिक शिक्षा और कुशल मानव संसाधन का केंद्र बनाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकारी शिक्षण संस्थान प्रदेश में शिक्षा की व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी वजह से सरकार सरकारी संस्थानों में पढ़ाई की गुणवत्ता सुधारने और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दे रही है। सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकारी स्कूलों में सीबीएसई से संबद्धता की व्यवस्था शुरू करना, डॉ. वाईएस परमार विद्यार्थी ऋण योजना के तहत छात्रों को एक प्रतिशत ब्याज पर शिक्षा ऋण उपलब्ध करवाना और शिक्षकों के रिक्त पद भरना सरकार के प्रमुख फैसलों में शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि इन कदमों से प्रदेश में आधुनिक शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के सुझाव और उनकी प्रतिभा नादौन के विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि शोधार्थी भी अपने शोध और ज्ञान के माध्यम से समाज और प्रदेश के विकास में योगदान दे सकते हैं।

इस दौरान नादौन विधानसभा क्षेत्र से आए छात्रों और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के शोधार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने शिक्षा, छात्रों के भविष्य और नादौन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story