एसपीयू के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

WhatsApp Channel Join Now
एसपीयू के विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


मंडी, 22 अप्रैल (हि.स.)। सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी के एम.एससी. पर्यावरण विज्ञान विभाग के विद्यार्थियों ने विभागाध्यक्ष डॉ.सनील ठाकुर के नेतृत्व में पृथ्वी दिवस के अवसर पर शेमफोर्ड लिटिल स्टार स्कूल तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय पड्डल में पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर निर्माण तथा संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों ने प्लास्टिक के सीमित उपयोग, जल संरक्षण, स्वच्छता बनाए रखने तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। इसमें अतिथि प्राध्यापक,डॉ.निधि गुप्ता,डॉ.दीपक कुमार व डॉ. असीमा अवस्थी सहित एम.एससी. पर्यावरण विज्ञान विभाग के विद्यार्थी दिव्या, निरंजना, मोक्षित, कैलाश, रीवा ने सहभागिता की ।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य ललित कुमार अवस्थी ने आभासी माध्यम से अपने संदेश में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षण संस्थानों की भूमिका केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं है बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व और सतत विकास के मूल्यों को स्थापित करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अहवान किया कि पृथ्वी दिवस प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें निभाने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में डॉ. सनील ठाकुर, अधिष्ठाता योजना एवं विकास तथा कार्यकारी परीक्षा नियंत्रक एवं विभागाध्यक्ष ने अपने अध्यक्षीय सन्देश में पर्यावरणीय चुनौतियों और उनके समाधान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी समस्याओं से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा अपने दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों के माध्यम से प्रकृति की रक्षा करने का वचन दिया। विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story