पराशर का सरनौहली मेला आस्था, संस्कृति और विकास का संगम : राजेश धर्माणी

WhatsApp Channel Join Now
पराशर का सरनौहली मेला आस्था, संस्कृति और विकास का संगम : राजेश धर्माणी


पराशर का सरनौहली मेला आस्था, संस्कृति और विकास का संगम : राजेश धर्माणी


मंडी, 16 जून (हि.स.)। मंडी जिला में ऋषि पराशर की पावन तपोस्थली में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय सरनौहली मेला मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के बीच संपन्न हो गया। समापन समारोह की अध्यक्षता नगर एवं ग्राम योजना, आवास तथा तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने की। इस अवसर पर उनकी धर्मपत्नी सोनिया शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इससे पूर्व मंत्री ने ग्राम पंचायत सेगली में बनने वाले आईटीआई भवन का शिलान्यास किया।

उन्होंने बताया कि इस भवन के निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपए की धनराशि का प्रावधान किया गया है। औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। पराशर पहुंचने पर मंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना की तथा मेले में पधारे देवी-देवताओं से प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की संस्कृति और परंपराएं हमारी सबसे बड़ी धरोहर हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। मंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता वृत्त कटौला की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप 15 हजार रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की।

इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोकनृत्य नाटी में भी भाग लेकर कलाकारों और स्थानीय लोगों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आईटीआई में नए ट्रेड आरंभ करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जाएगी, ताकि क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।

उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों और केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग न मिलने के बावजूद हिमाचल प्रदेश सरकार विकास की गति बनाए रखने में सफल रही है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में अनेक नई योजनाएं शुरू की गई हैं और युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले तीन वर्षों में पूर्व भाजपा सरकार के पांच वर्षों की तुलना में डेढ़ गुना अधिक सरकारी रोजगार प्रदान किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गांव-गांव को सड़कों से जोड़ा जा रहा है, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाई जा रही है तथा प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान विकसित किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story