भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ तक पहुंचकर संगठन मजबूत करें : सतपाल सत्ती

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा कार्यकर्ता हर बूथ तक पहुंचकर संगठन मजबूत करें : सतपाल सत्ती


हमीरपुर, 4 सितंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर की सेवा संकल्प अभियान कार्यशाला एवं जिला कार्यसमिति की मासिक बैठक शुक्रवार को भोटा में जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विधायक एवं भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती मुख्य अतिथि रहे। जिला प्रभारी अमित ठाकुर, विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान, विजय अग्निहोत्री व कमलेश कुमारी सहित जिला और मंडल स्तर के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में दिवंगत पूर्व विधायक एवं समाजसेवी राम रतन शर्मा सहित भाजपा परिवार से जुड़े दिवंगत व्यक्तित्वों और नेपाल त्रासदी में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई। मंडल अध्यक्षों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों का फीडबैक दिया।

सतपाल सत्ती ने कहा कि भाजपा की मजबूती लाखों कार्यकर्ताओं के संघर्ष, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभव और युवाओं की ऊर्जा से संगठन लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, झूठे वादों और जनविरोधी नीतियों का आरोप लगाया।

सत्ती ने कहा कि कांग्रेस भाजपा के खिलाफ भ्रामक प्रचार कर रही है। कार्यकर्ता तथ्यों के साथ इसका जवाब दें और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाएं। उन्होंने प्रत्येक बूथ को मजबूत करने तथा सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा

Share this story