समीर रस्तोगी बने हिमाचल के नए प्रधान मुख्य वन संरक्षक

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 28 अप्रैल (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी समीर रस्तोगी को प्रदेश का नया प्रधान मुख्य वन संरक्षक (हेड ऑफ फॉरेस्ट फोर्स) नियुक्त किया है। कार्मिक विभाग ने सोमवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी। समीर रस्तोगी 1988 बैच के अधिकारी हैं और उन्हें पे मैट्रिक्स के लेवल 17 (एपेक्स स्केल) पर 2,25,000 रुपये के निश्चित वेतनमान पर नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी।

यह नियुक्ति विशेष चयन समिति की सिफारिशों और राज्यपाल के अनुमोदन के बाद की गई है। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना द्वारा जारी आदेश के अनुसार, नियुक्ति से संबंधित जानकारी भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय सहित प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों को भी भेज दी गई है।

समीर रस्तोगी पिछले वर्ष केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटे हैं। फरवरी 2019 से फरवरी 2024 तक वे राष्ट्रीय केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स लिमिटेड, मुंबई में मुख्य सतर्कता अधिकारी के पद पर कार्यरत रहे। इसके बाद से वे जाईका वानिकी परियोजना में मुख्य परियोजना निदेशक के तौर पर सेवाएं दे रहे थे।

रस्तोगी के पास वन प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव है। हिमाचल प्रदेश में अपने करियर के दौरान वे डीएफओ, सीसीएफ और अतिरिक्त प्रधान मुख्य अरण्यपाल जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा मिड हिमालयन परियोजना के तहत वे बिलासपुर में क्षेत्रीय परियोजना निदेशक और वन विकास निगम में भी वरिष्ठ पदों पर सेवाएं दे चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story