मंडी में राजस्व मामलों के निपटारे 4,659 किए इंतकाल
मंडी, 21 नवंबर (हि.स.)। मंडी जिला के राजस्व मामलों की समीक्षा के लिए उपायुक्त कार्यालय के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में राजस्व अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला मंडी के राजस्व अधिकारियों द्वारा 16 सितंबर से 15 नवंबर तक निपटाए गए राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान पाया गया कि इस अवधि में जिले के सभी तहसील एवं उपतहसील कार्यालयों में तकसीम के 377, निशानदेही के 457 तथा राजस्व दुरुस्ती के 376 मामलों का निपटारा किया गया। इसके अतिरिक्त इस अवधि में 4,659 इंतकाल भी किए गए।
उपायुक्त ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से अधिक समय से लंबित तकसीम, निशानदेही तथा राजस्व दुरुस्ती से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्वामित्व योजना के तहत जिला भर में किए जा रहे कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी तहसील एवं उपतहसील कार्यालयों को स्वामित्व योजना से संबंधित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री सेवा संकल्प पोर्टल पर लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई तथा उनका समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने को कहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

