बैंक खातों को आधार से लिंक करवाना सुनिश्चित करें सामाजिक सुरक्षा पेंशन धारक

WhatsApp Channel Join Now

मंडी, 07 सितंबर (हि.स.)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं को अधिक पारदर्शी बनाने और केवल पात्र लाभार्थियों तक लाभ पहुँचाने के लिए आधार आधारित भुगतान प्रणाली (एबीपीएस) लागू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। विभागीय प्रवक्ता ने यहां बताया कि विभाग द्वारा जिले के सभी पेंशनभोगियों को अपनी पेंशन आईडी के साथ आधार कार्ड लिंक करवाने के लिए एक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी कड़ी में विभाग द्वारा राष्ट्रीय पेंशन योजनाओं की श्रेणी में प्रायोगिक आधार पर पेंशन हस्तांतरण का परीक्षण किया गया, जिसके दौरान पाया गया कि कुछ लाभार्थियों ने अपनी पेंशन आईडी को तो आधार से लिंक करवा लिया है, परंतु अपने संबंधित बैंक खाते को आधार कार्ड से लिंक नहीं करवाया है।

उन्होंने बताया कि इस त्रुटि के कारण राष्ट्रीय पेंशन योजनाओं की तीन श्रेणियों के 857 पेंशनभोगियों के खातों में पेंशन राशि जमा नहीं हो सकी और उनका भुगतान असफल रहा। विभाग ने विशेष रूप से इन 857 लाभार्थियों से अपील की है कि वे तुरंत अपने संबंधित बैंक शाखा में जाकर अपने बैंक खाते को आधार कार्ड से लिंक करवाएं, ताकि उनकी रुकी हुई पेंशन राशि अविलंब उनके खातों में जमा की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story