मंडी में 26-27 सितंबर को होगा ऐतिहासिक देव समागम, 108 देवी-देवताओं की उपस्थिति में जुटेंगे हजारों श्रद्धालु

WhatsApp Channel Join Now
मंडी में 26-27 सितंबर को होगा ऐतिहासिक देव समागम, 108 देवी-देवताओं की उपस्थिति में जुटेंगे हजारों श्रद्धालु


शिमला, 21 सितंबर (हि.स.)। श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी जन्मोत्सव के अवसर पर सत्य साईं सेवा संगठन हिमाचल प्रदेश की ओर से मंडी के पड्डल मैदान में 26 और 27 सितंबर को ऐतिहासिक देव समागम का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में हिमाचल प्रदेश के 108 देवी-देवताओं की उपस्थिति रहेगी। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में देश-विदेश से करीब 20 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

सत्य साईं सेवा संगठन के प्रान्त अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश योगेन्द्र वर्मा ने बताया कि श्री सत्य साईं बाबा के शताब्दी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में ‘प्रेम प्रवाहिनी’ के रूप में एक रथ यात्रा 24 अप्रैल 2025 को साई धाम पुट्टपर्थी से शुरू हुई थी। यह रथ यात्रा देश के विभिन्न हिस्सों से होकर हिमाचल प्रदेश पहुंची और यहां सबसे अधिक 152 दिनों तक इसका प्रवास रहा। इसी के उपलक्ष्य में संगठन की ओर से हिमाचल की देव संस्कृति और श्री सत्य साईं बाबा के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने के उद्देश्य से इस देव समागम का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजकों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश की करीब 100 सत्य साईं सेवा समितियों से जुड़े हजारों कार्यकर्ता और श्रद्धालु कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। संगठन का दावा है कि हिमाचल प्रदेश में इस स्तर का इतना बड़ा सम्मेलन पहली बार आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान सत्य, धर्म, प्रेम, शांति और अहिंसा जैसे मानवीय मूल्यों को जीवन का आधार बनाने तथा मानवता की सेवा के लिए श्री सत्य साईं बाबा द्वारा किए गए कार्यों को स्मरण किया जाएगा। इस अवसर पर श्रद्धालु उनके प्रति कृतज्ञता भी व्यक्त करेंगे।

नगाड़ों की गूंज, वेद मंत्रों के उच्चारण और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच आयोजित होने वाला यह देव समागम हिमाचल प्रदेश की समृद्ध देव संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक सेवा की भावना का संगम प्रस्तुत करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story