मणिकर्ण घाटी में पार्वती नदी के बीच फंसे तीन पर्यटक, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now
मणिकर्ण घाटी में पार्वती नदी के बीच फंसे तीन पर्यटक, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला


मणिकर्ण घाटी में पार्वती नदी के बीच फंसे तीन पर्यटक, रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित निकाला


कुल्लू, 16 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध मणिकर्ण घाटी में रविवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। साडा बैरियर के समीप पार्वती नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से तीन पर्यटक नदी के बीच फंस गए। स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम की तत्परता से तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जानकारी के अनुसार तीनों पर्यटक मणिकर्ण घाटी घूमने आए थे। साडा बैरियर के पास नदी किनारे घूमते समय अचानक पार्वती नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे वे तेज बहाव के बीच फंस गए। पर्यटकों को नदी के बीच फंसा देख स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन और रेस्क्यू टीम को सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेस्क्यू दल और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए बचाव अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीम ने उफनती नदी के बीच फंसे तीनों पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस ने पर्यटकों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे जाने से बचें। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलस्तर अचानक बढ़ सकता है, इसलिए पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / जसपाल सिंह

Share this story