ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे मुख्यमंत्री, हमीरपुर के विकास में भी नहीं रखी कोई कमी : सुनील शर्मा बिट्टू

WhatsApp Channel Join Now

हमीरपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा है कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू कर रहे हैं। इन योजनाओं के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिला हमीरपुर के विकास के लिए भी बजट में कोई कमी नहीं रखी है।

शनिवार को ग्राम पंचायत ब्राहलड़ी में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता विकास कार्यक्रम के समापन अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित हल्दी, गेहूं, मक्की और अन्य फसलों के लिए उच्च समर्थन मूल्य घोषित करने से किसानों को बड़ी राहत मिली है। दूध के खरीद मूल्य में ऐतिहासिक वृद्धि तथा एचपी शिवा परियोजना के माध्यम से फल उत्पादन को बढ़ावा देने से किसानों, बागवानों और पशुपालकों की आय में वृद्धि होगी।

उन्होंने महिलाओं से अपने घरेलू उत्पादों की स्थानीय बाजारों के साथ-साथ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी मार्केटिंग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग, एपीएमसी और अन्य विभाग इस कार्य में महिलाओं की मदद कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के किसानों की सुविधा के लिए गन्ने की पेराई मशीन भी स्थापित की गई है।

इसके बाद सुनील शर्मा बिट्टू ने राजकीय उच्च पाठशाला बाड़ी के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, डेंटल कॉलेज, कैंसर केयर संस्थान, अलाइड हेल्थ सर्विसेज कॉलेज, डेडिकेटेड साइंस कॉलेज और प्रदेश के सबसे बड़े बस अड्डे सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं मंजूर की हैं।

उन्होंने कहा कि बाड़ी-फरनोल क्षेत्र की सड़कों, रास्तों और डंगों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध करवाई गई है तथा अन्य समस्याओं का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जा रहा है।

इस अवसर पर उन्होंने मेधावी विद्यार्थियों को शैक्षणिक, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया। स्कूल की मुख्याध्यापक डॉ. अंजलि शर्मा ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784598 Articles

Share this story