सोलन में आरएसएस ने मनाया स्थापना दिवस, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन

WhatsApp Channel Join Now
सोलन में आरएसएस ने मनाया स्थापना दिवस, स्वयंसेवकों ने किया पथ संचलन


सोलन, 20 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने मंगलवार को विजयदशमी के उपलक्ष्य में सोलन में स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने पथ संचलन करते हुए शहर के मॉल रोड का भ्रमण किया और दशहरा मैदान स्थित ठोडो ग्राउंड में कार्यक्रम का समापन हुआ।

संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता गुरदीप साहनी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत दुर्गा क्लब में शस्त्र पूजन के साथ हुई। इसके बाद स्वयंसेवक कतारबद्ध होकर पथ संचलन करते हुए मॉल रोड से गुजरे और ठोडो ग्राउंड पहुंचे। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सोलन में संघ के शताब्दी वर्ष के प्रथम उत्सव का आगाज किया गया था।

गुरदीप साहनी ने कहा कि संघ के विस्तार और समाज को संगठित करने के उद्देश्य से इस वर्ष विभिन्न स्थानों पर शाखाएं लगाई गईं तथा कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके तहत गृह संपर्क अभियान और हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें हिंदू समाज के लोगों ने भाग लिया। इसके अलावा समाज के प्रमुख लोगों की सहभागिता से प्रमुख जन संगोष्ठी भी आयोजित की गई।

उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय तक विदेशी शासन के अधीन रहा और उस दौरान समाज में एकजुटता की कमी थी। आज देश स्वतंत्र है और समाज को संगठित बनाए रखना आवश्यक है। संघ के कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को एकजुटता और सामाजिक समरसता का संदेश देना है।

साहनी ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं के हाथों में शस्त्र शक्ति के प्रतीक के रूप में दर्शाए जाते हैं। इसी प्रकार संघ के स्वयंसेवक भी शस्त्रों को शक्ति के प्रतीक के रूप में धारण कर पथ संचलन करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / संदीप शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763928 Articles

Share this story