समाज संगठन और चरित्र निर्माण संघ का प्रमुख लक्ष्य: सह सरकार्यवाह अरुण कुमार
शिमला, 06 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) जिला शिमला की ओर से सोमवार को प्रमुख जन संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में आरएसएस के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े कई प्रमुख लोग भी शामिल हुए।
अपने संबोधन में अरुण कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे कर लिए हैं और इन वर्षों में संघ ने सेवा और समर्पण की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में निरंतर योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता सेनानी और संघ के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार ने विजयदशमी 1925 के दिन संघ की स्थापना की थी, जिसका उद्देश्य भारत को मजबूत, संगठित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाना था।
उन्होंने कहा कि संघ की नित्य शाखाओं के माध्यम से ऐसे स्वयंसेवकों का निर्माण हो रहा है, जो देशभक्ति की भावना से प्रेरित होकर समाज के लिए काम कर रहे हैं। संघ का कार्य मुख्य रूप से हिंदू समाज को संगठित, सशक्त और समर्थ बनाने के लिए किया जा रहा है। साथ ही संघ व्यक्तिगत चरित्र और राष्ट्रीय चरित्र के निर्माण पर भी विशेष ध्यान देता है, ताकि समाज और देश दोनों का समग्र विकास हो सके।
अरुण कुमार ने कहा कि समाज की उन्नति के लिए संगठन और सामूहिक प्रयास बहुत जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को साथ लेकर चलना और समाज में भेदभाव खत्म करना संघ के कार्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उनके अनुसार संघ केवल एक संगठन नहीं है बल्कि यह एक राष्ट्रीय आंदोलन और स्वयंसेवकों के लिए जीवन शैली भी है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज भारत दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल हो रहा है और कई देशों द्वारा भारत की जीवन शैली और विचारों का अनुसरण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देश भर में वर्तमान समय में एक लाख से अधिक सेवा कार्य चल रहे हैं और एक लाख से ज्यादा स्थानों पर शाखाएं, मिलन और मंडलियां संचालित हो रही हैं, जिनके माध्यम से स्वयंसेवक समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
संगोष्ठी के दौरान उपस्थित लोगों ने सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विषयों के साथ-साथ सेवा कार्यों, नई शिक्षा नीति, संस्कारों के महत्व और संघ में महिलाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर भी प्रश्न पूछे। इन प्रश्नों के उत्तर सह सरकार्यवाह अरुण कुमार ने विस्तार से दिए।
इस अवसर पर प्रांत संघचालक डॉ. वीर सिंह रांगड़ा, विभाग संघचालक राजकुमार वर्मा, जिला संघचालक अजय सूद, सह क्षेत्र कार्यवाह डॉ. किस्मत कुमार, प्रांत प्रचारक संजय कुमार और प्रांत कार्यवाहिका डॉ. मुक्ता ठाकुर सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सेना अधिकारी, पूर्व न्यायाधीश, प्रशासनिक अधिकारी, विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति, शिक्षक, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिवक्ता, खिलाड़ी, समाचार पत्रों के संपादक, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

