रोटरी क्लब मंडी ने की मेयर एवं आयुक्त से की शिष्टाचार भेंट
मंडी, 23 जुलाई (हि.स.)। रोटरी क्लब मंडी का एक प्रतिनिधिमंडल नगर निगम मंडी की नवनिर्वाचित मेयर सुमन ठाकुर एवं नगर निगम आयुक्त डा. मदन लाल से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मंडी शहर के समग्र विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत एवं सकारात्मक चर्चा हुई। बैठक के दौरान मेयर सुमन ठाकुर ने मंडी को स्वच्छ, स्वस्थ, हरित, नशामुक्त एवं आत्मनिर्भर शहर बनाने की अपनी सोच साझा की।
उन्होंने रोटरी क्लब मंडी एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर स्वच्छता, क्षमता निर्माण, नशा उन्मूलन, कौशल विकास, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण तथा जल संरक्षण के क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्य करने का आह्वान किया। रोटरी क्लब मंडी की अध्यक्ष डा. तारा सेन ने इस अवसर पर अपने महत्त्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का प्रस्ताव नगर निगम के समक्ष विचारार्थ प्रस्तुत किया। जिसमें शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण एवं जनजागरूकता के क्षेत्र में मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर रोटरी क्लब मंडी की ओर से मेयर एवं आयुक्त को पारंपरिक पुष्पगुच्छ के स्थान पर पौधों के गमले, रोटरी वोकेशनल सेंटर में निर्मित पाइन नीडल कोस्टर तथा हस्तनिर्मित ब्रेसलेट भेंट किए गए। इन पर्यावरण.अनुकूल उपहारों के माध्यम से स्थानीय हस्तशिल्प, स्वरोजगार तथा प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
रोटरी क्लब मंडी की अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. तारा देवी सेन ने कहा कि रोटरी क्लब समाज सेवा के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रहा है। जिसमें नगर निगम के सहयोग से स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, नशा उन्मूलन, कौशल विकास एवं सामुदायिक सशक्तिकरण से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

