हिमाचल ने केंद्र को भेजा 1,200 किमी सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव
शिमला, 21 फ़रवरी (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) चरण-4 के दूसरे चरण में करीब 1,200 किलोमीटर अतिरिक्त ग्रामीण सड़कों का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है। लोक निर्माण विभाग इन परियोजनाओं के विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कर रहा है और राज्य को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
इसी सिलसिले में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात कर राज्य में चल रही और स्वीकृत सड़क परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक में शिमला जिले के दुर्गम और ऊंचाई वाले डोडरा क्वार क्षेत्र की सड़क परियोजनाएं प्रमुख रूप से उठाई गईं। मंत्री ने बताया कि पीएमजीएसवाई चरण-1 के तहत स्वीकृत डोडरा क्वार सड़क का कुछ हिस्सा कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, दुर्गम भू-सतह, खराब मौसम और सीमित कार्य अवधि के कारण अभी तक पूरा नहीं हो सका है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग स्थानीय ग्रामीण आबादी, सीमावर्ती क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य आपातकालीन सेवाओं और जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति के लिए बेहद अहम है। इसलिए डोडरा क्वार के लंबित सड़क पैकेजों और चरण-1 के शेष कार्यों के लिए विशेष छूट, अतिरिक्त वित्तीय सहयोग और तकनीकी सहायता देने का अनुरोध किया गया है, ताकि क्षेत्र को जल्द सर्व-मौसम सड़क सुविधा मिल सके।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि हिमाचल प्रदेश को पीएमजीएसवाई-IV के तहत करीब 1,500 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है, जिनकी अनुमानित लागत लगभग 2,300 करोड़ रुपये है।
लोक निर्माण मंत्री ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और भूमि मालिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक गिफ्ट डीड उपलब्ध कराकर विभाग का सहयोग करें, ताकि सड़क निर्माण के लिए आवश्यक भूमि समय पर मिल सके और अधिक से अधिक अनकवर्ड बस्तियों को सड़क नेटवर्क से जोड़ा जा सके।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हिमाचल की जरूरतों के प्रति संवेदनशीलता जताते हुए आश्वस्त किया कि डोडरा क्वार के लंबित पैकेजों, पीएमजीएसवाई-I के अवशिष्ट कार्यों और जरूरी वित्तीय मंजूरियों के मुद्दे को वित्त मंत्रालय समेत संबंधित स्तरों पर प्राथमिकता से उठाया जाएगा और सकारात्मक परिणाम जल्द लाने का प्रयास होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

