जुब्बल की कोट काईना पंचायत में दो नई सड़कों का लोकार्पण
शिमला, 03 अप्रैल (हि.स.)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को जुब्बल उपमंडल की ग्राम पंचायत कोट काईना में दो नई संपर्क सड़कों का लोकार्पण किया। इनमें 75 लाख रुपये की लागत से बनी संतोषीनगर से शोली काईना संपर्क सड़क और 1 करोड़ 35 लाख रुपये की लागत से तैयार काईना से धरोट संपर्क सड़क शामिल हैं। इस मौके पर आयोजित जनसभा में शिक्षा मंत्री ने कहा कि पहाड़ी प्रदेश हिमाचल में सड़कें विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी होती हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान केवल कोट काईना पंचायत में ही छह नई सड़कों का निर्माण किया गया है, जिन पर करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च हुए हैं। इसके अलावा बुशहर क्षेत्र में 18 नई सड़कों का निर्माण भी किया गया है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े ढांचागत विकास कार्य भी जारी हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झड़ग का निर्माण 1 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से चल रहा है, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारी के भवन का निर्माण 2 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से प्रगति पर है। साथ ही ग्राम पंचायत मंढोल में नाबार्ड से वित्तपोषित हरिजन बस्ती मंढोल से शेलापानी जोहटा सड़क का निर्माण कार्य भी जारी है।
जनसभा को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में सड़कें केवल यातायात का साधन नहीं बल्कि विकास और रोजगार की आधार रेखा होती हैं। उन्होंने बताया कि जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के तहत सड़क और भवन निर्माण के लिए लगभग 550 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है और कई विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ यशवंत सिंह परमार को याद करते हुए कहा कि उन्होंने सड़कों को प्रदेश के विकास की “भाग्य रेखाएं” बताया था। शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज जब हिमाचल सेब बागवानी और पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, तो इसमें सड़क नेटवर्क की बड़ी भूमिका रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर राम लाल और वीरभद्र सिंह के योगदान का भी उल्लेख किया और कहा कि उनके समय में भी सड़क निर्माण को प्राथमिकता दी गई थी।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बताया कि पिछले तीन वर्षों में जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में 171 नई सड़कों का निर्माण किया गया है और आगे भी यह काम जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

