पांवटा साहिब में सड़क बदहाल, दुकानदारों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 10 अप्रैल (हि.स.)। पांवटा साहिब के परशुराम चौक से चुंगी नंबर 6 तक जाने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो चुकी है। यह सड़क आँज भोज क्षेत्र होते हुए उत्तराखंड के खोदरी माजरी तक जाती है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत न होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों का कहना है कि विभाग द्वारा सिर्फ मिट्टी डालकर काम चलाया जाता है, जो रात के समय खनन सामग्री से भरे ट्रॉलों के गुजरते ही उखड़ जाती है। इससे पूरे इलाके में धूल-मिट्टी का गुबार उठता है, जिससे दुकानदारों का काम प्रभावित हो रहा है और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां भी बढ़ रही हैं।

इसी समस्या को लेकर परशुराम चौक के पास के दुकानदारों ने शुक्रवार को एसडीएम द गोयल पांवटा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मांग की कि करीब 300 मीटर के इस हिस्से पर जल्द से जल्द तारकोल बिछाकर सड़क को पक्का किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। दुकानदारों का कहना है कि इस मुद्दे को पहले भी कई बार उठाया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story