पांवटा साहिब की इकलौती मेजर जिला सड़क बदहाल, प्रधान संघ ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 04 नवंबर (हि.स.)। पांवटा साहिब की इकलौती मेजर जिला सड़क (एमडीआर) की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। सड़क की दुर्दशा को लेकर कई बार धरने-प्रदर्शन हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हो पाया है। बीते दिनों भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सड़क की बदहाली के विरोध में आक्रोश रैली निकाली थी, लेकिन अब तक सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है।

इसी समस्या को लेकर बुधवार को प्रधान संघ का एक प्रतिनिधिमंडल एसडीएम पांवटा साहिब से मिला और सड़क की खस्ताहालत को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह पत्थर और धूल-मिट्टी के गुबार उड़ रहे हैं। इससे स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रधान संघ अध्यक्ष रंजीत सिंह ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार मांग उठाने और आश्वासन मिलने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि विभाग जल्द सड़क को पक्का करेगा, लेकिन अभी तक स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है।

आंजभोज के प्रधान संदीप ने कहा कि यह सड़क बेहद संकरी और कई स्थानों पर वन-वे जैसी स्थिति में है। ऐसे में यहां हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बरसात के दिनों में कई बार दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर चुके हैं। अब बरसात के बाद भी सड़क पर धूल-मिट्टी के गुबार लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत को देखते हुए कभी भी कोई बड़ा एक्सीडेंट हो सकता है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा है।

प्रधान संघ के प्रतिनिधियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग उठाई कि सड़क की हालत में जल्द सुधार किया जाए तथा शेष हिस्से को प्राथमिकता के आधार पर पक्का किया जाए, ताकि आंजभोज क्षेत्र के ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772373 Articles

Share this story