लाहौल-स्पीति में सुमदो-काजा-ग्राम्फू अगली सूचना तक बंद, प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा टालने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now


केलांग, 14 मई (हि.स.)। लाहौल-स्पीति जिला प्रशासन ने जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-505 सुमदो-काजा-ग्राम्फू (एसकेजी) मार्ग को अगली सूचना तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। यह जानकारी उपायुक्त एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने दी।

प्रशासन को बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन से प्राप्त सूचना के अनुसार, लोसर से ग्राम्फू तक एनएच-505 एसकेजी मार्ग तथा 108 आरसीसी से चंद्रताल रूट अभी पूरी तरह बंद हैं। मार्ग पर भारी मलबा, अवरोध और सड़क बहाली का कार्य जारी है, जिसके चलते वाहनों की आवाजाही सुरक्षित नहीं मानी जा रही।

बीआरओ द्वारा सड़क की सफाई, मलबा हटाने और मार्ग बहाली का कार्य लगातार किया जा रहा है। हालांकि सड़क की वर्तमान स्थिति और कार्य की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने फिलहाल सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध जारी रखने का निर्णय लिया है।

उपायुक्त किरण भड़ाना ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 और 34 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आदेश जारी किए हैं कि उक्त मार्ग पर अगली सूचना तक सभी वाहनों का संचालन पूर्णतः बंद रहेगा। उन्होंने कहा कि यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा और संभावित जोखिमों को ध्यान में रखकर लिया गया है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पुलिस, प्रशासनिक अधिकारियों, संबंधित विभागों और आम लोगों से आदेशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है। साथ ही वाहन चालकों, स्थानीय निवासियों और पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों से आग्रह किया गया है कि यात्रा से पहले प्रशासन द्वारा जारी ताजा सूचना और सलाह अवश्य जांच लें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम और सड़क की स्थिति के अनुसार परिस्थितियों में बदलाव संभव है। ऐसे में किसी भी यात्रा से पहले अधिकृत सूचना की पुष्टि करना आवश्यक होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story