पांवटा साहिब में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार की मौत, हादसे के बाद चालक फरार

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 20 नवंबर (हि.स.)। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में सड़क हादसे में एक बाइक सवार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा भूपपुर के समीप उस समय हुआ, जब बद्रीपुर की तरफ से रैनबैक्सी चौक की ओर जा रही एक बाइक को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 नवंबर को पुलिस थाना पांवटा साहिब में रजत चौहान निवासी वार्ड नंबर-06, पांवटा साहिब ने शिकायत दर्ज करवाई कि वह भूपपुर में सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल नंबर HP18A-6774 और ट्रक नंबर HP85-7705 बद्रीपुर की ओर से रैनबैक्सी चौक की तरफ जा रहे थे। आरोप है कि ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटरसाइकिल को कंडक्टर साइड से टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक सवार सुखदर्शन पुत्र नाथ सिंह, निवासी गांव कठाना, डाकघर सुरला, तहसील एवं थाना नाहन गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घायल को एंबुलेंस के माध्यम से पांवटा साहिब अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार ट्रक चालक की पहचान अनवर अली पुत्र समा, निवासी गांव हरिपुर टोहाना के रूप में हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना पांवटा साहिब में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच और मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story