सिरमौर में धनतेरस के दिन दर्दनाक हादसा, एक व्यक्ति की गई जान, 9 घायल

WhatsApp Channel Join Now
सिरमौर में धनतेरस के दिन दर्दनाक हादसा, एक व्यक्ति की गई जान, 9 घायल


नाहन, 06 नवंबर (हि.स.)। जिला सिरमौर में धनतेरस के दिन बड़ा हादसा हो गया। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 9 लोगों के घायल होने की सूचना है। घायलों को तुरंत उपचार के लिए सिविल अस्पताल सराहां ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कालेज नाहन रेफर किया गया है। उधर, पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है। हादसा नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे पर डुंगा घाट के समीप एक तीखे मोड़ पर पेश आया, जहां बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में लुढ़कते हुए कयाणा की ओर जा रहे लिंक रोड पर जाकर रुकी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई।

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। साथ ही पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल सराहां पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं गंभीर घायलों को मेडिकल कालेज नाहन रेफर किया जा रहा है। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है।

जानकारी मिली है कि जिला सिरमौर के गिरिपार इलाके के लोग शिमला की ओर से दिवाली पर्व पर अपने घर आ रहे थे। इस बीच वाहन रास्ते में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। उधर, प्रशासन ने मेडिकल कालेज प्रबंधन नाहन को अलर्ट कर दिया है। पुलिस घटनास्थल पर हादसे की जांच में जुट गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

773293 Articles

Share this story