नाहन क्षेत्र के कौलावाला भूड़ में दो बाइकों की टक्कर, लिफ्ट लेकर जा रहे व्यक्ति की मौत
नाहन, 21 अक्टूबर (हि.स.)। नाहन क्षेत्र में कौलावाला भूड़ क्षेत्र में बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई। दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई आमने-सामने की इस भीषण टक्कर में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजिंदर सिंह उर्फ ताज (65) के रूप में हुई है। वह कौलावाला भूड़ से लगभग एक किलोमीटर पहले अपनी चाय की दुकान चलाते थे।
बुधवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने किसी काम से एक मोटरसाइकिल पर लिफ्ट लेकर निकले थे। कुछ ही दूरी तय करने पर उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार तरीके से टकरा गई। इस भीषण टक्कर में राजिंदर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत डॉ. यशवंत सिंह परमार राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, नाहन पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे का शिकार हुए राजिंदर सिंह उर्फ ताज अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। अचानक हुए इस हादसे से पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी नाहन शक्ति सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवा रही है और दुर्घटना के कारणों की बारीकी से जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

