नाहन में सड़क किनारे खड़े ट्रक को दूसरे ट्रक ने मारी टक्कर, चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 07 अक्तूबर (हि.स.)। पुलिस थाना नाहन के अंतर्गत दो सड़का के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक ट्रक चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने दूसरे ट्रक के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान मनव्वर पुत्र सादीन, निवासी गांव व डाकघर गढ़ी दौलत, तहसील कैराना, जिला शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मृतक के भाई आमिर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मनव्वर ट्रक नंबर HR 67 F 2064 चलाता था। 6 अक्तूबर को सुबह करीब 5 बजे वह पांवटा साहिब से पानीपत के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ एक अन्य ट्रक HR 67 F 2243 भी पांवटा साहिब से पानीपत की ओर जा रहा था, जिसे साबिर पुत्र इरशाद, निवासी ग्राम चकवाली, तहसील रामपुर मनिहारन, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश चला रहा था।

शिकायत के मुताबिक सुबह करीब 8:30 बजे नाहन से आगे दो सड़का के पास मनव्वर ने अपना ट्रक सड़क किनारे खाली स्थान पर खड़ा किया और टायर की हवा जांच रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक नंबर HR 67 F 2243 के चालक साबिर ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए मनव्वर को टक्कर मार दी।

हादसे में मनव्वर के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। उसे उपचार के लिए पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ और जीएमसी सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया। उपचार के दौरान मनव्वर की मौत हो गई।

पुलिस ने ट्रक चालक साबिर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story