पच्छाद में सड़क हादसा, 32 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 26 सितंबर (हि.स.)। जिला सिरमौर स्थित उपमंडल पच्छाद (सराहां) काहन में एक भीषण सड़क दुर्घटना का मामला सामने आया है। इस हादसे में कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत के कारण 32 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान राजेश कुमार (उम्र 32 वर्ष), पुत्र सतपाल के रूप में हुई है, जो पच्छाद तहसील के तहत पड़ने वाले गाँव बनाड़ (गगल शिकोर) के निवासी थे। हादसा रात लगभग 10:30 बजे कहान गाँव के पास घटित हुआ, जब राजेश कुमार अपनी हरियाणा नंबर की मोटरसाइकिल (HR 03 Z 0823) पर जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग पर आ रही कार (HP 16 AA 4413) के साथ उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तीव्र थी कि बाइक सवार राजेश कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें इलाज के लिए नजदीकी सिविल अस्पताल सराहां पहुँचाया। हालाँकि, अस्पताल पहुँचाने पर तैनात डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जाँच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पच्छाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की कानूनी प्रक्रियाओं के लिए भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story