शिलाई के बांदली-ढाढस मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, 35 वर्षीय युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 20 अगस्त (हि.स.)। शिलाई उपमंडल के बांदली-ढाढस क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 35 वर्षीय युवक की अकाल मृत्यु का दुखद मामला सामने आया है। पेशे से टैक्सी चालक, ढाढस गांव के रहने वाले प्रदीप बीरसांटा पुत्र रतन सिंह वीरवार बीती देर रात अपनी बोलेरो गाड़ी से घर लौट रहे थे। उसी दौरान बांदली-ढाढस मार्ग पर उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना देर रात की होने के कारण हादसे का तुरंत पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो गाड़ी पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और घटना से जुड़ी आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

परिश्रमी टैक्सी चालक प्रदीप के असमय निधन की खबर सामने आते ही पूरे शिलाई उपमंडल और ढाढस गांव में गहरा शोक छा गया है। महज 35 वर्ष की अल्पायु में हुए इस हादसे ने परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया है। मृतक अपने पीछे एक छोटा बच्चा और गर्भवती पत्नी को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story