नाहन-कुमारहट्टी हाईवे पर दो हादसे, पेट्रोल से भरा टैंकर पलटा, बोलेरो भी दुर्घटनाग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now
नाहन-कुमारहट्टी हाईवे पर दो हादसे, पेट्रोल से भरा टैंकर पलटा, बोलेरो भी दुर्घटनाग्रस्त


नाहन, 25 मार्च (हि.स.)। नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाईवे 907ए पर पच्छाद क्षेत्र में बुधवार को 2 अलग-अलग सड़क हादसे पेश आए हैं। पहले हादसे में पेट्रोल से भरा एक टैंकर हाईवे किनारे पलट गया। वहीं, अन्य हादसे में एक बोलेरो वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोनों दुर्घटनाएं मंगलवार देर शाम सामने आईं। सराहां पुलिस ने दोनों हादसों की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार पेट्रोल से भरा एक टैंकर सराहां की तरफ से किन्नौर जा रहा था। जैसे ही टैंकर चरानी घाट के समीप पहुंचा तो अचानक सड़क किनारे पलट गया। गनीमत ये रही कि हादसे के दौरान अति ज्वलनशील पदार्थ से भरे टैंकर ने आग नहीं पकड़ी। हालांकि, चालक ने बेकाबू हुए टैंकर को काबू करने के भरपूर प्रयास किए, लेकिन मोड़ गहरा होने के कारण चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया। बड़ी बात ये है कि इस हादसे में चालक की जान बच गई।

वहीं, एक अन्य हादसे में चरावग के समीप एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। पुलिस के अनुसार हादसे के वक्त वाहन में एक महिला सहित तीन लोग सवार थे। इस दुर्घटना में महिला को काफी चोटें आई हैं, जबकि दो अन्य लोगों को मामूली चोटें लगीं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने राहत व बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सराहां पुलिस ने इस दुर्घटना का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार ये हादसा चालक की लापरवाही और तेज रफ्तारी के कारण पेश आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story