कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर डंपर और ट्रक की भिड़ंत

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 26 अगस्त (हि.स.)।

कालाअंब-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे पर बुधवार को डंपर और आइशर ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा सुबह काली मंदिर के समीप 10 बजे के आसपास हुआ। टक्कर के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई। सूचना मिलते ही कालाअंब पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार रेत-बजरी से लदा डंपर कालाअंब की ओर जा रहा था, जबकि आइशर ट्रक नाहन की तरफ आ रहा था। काली मंदिर के समीप दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

बता दें कि हाईवे पर रेत-बजरी से लदे भारी वाहनों की आवाजाही इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। मारकंडा पुल के समीप चढ़ाई वाले हिस्से में भी रेत-बजरी से लदे ट्रालों और डंपरों के फंसने के मामले सामने आ रहे हैं। ओवरलोडिंग के कारण भारी वाहन चढ़ाई पर आसानी से नहीं चढ़ पाते और सड़क पर ही रुक जाते हैं। इससे पीछे चल रहे वाहनों के लिए भी खतरा पैदा हो रहा है।

लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि हाईवे पर रेत-बजरी से लदे वाहनों की नियमित जांच की जाए और ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चढ़ाई वाले संवेदनशील स्थानों पर यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि वाहन फंसने और दुर्घटनाओं की घटनाओं पर रोक लग सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story