चौपाल में गहरी खाई में गिरी कार, चालक की मौके पर मौत

WhatsApp Channel Join Now

शिमला, 16 अगस्त (हि.स.)। शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में रविवार को सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना कलूण-सलाणा-झीना सड़क पर पलाईश नामक स्थान के पास हुई, जहां एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार दिन के समय करीब 11:45 बजे टाटा नेक्सन कार (एचपी 08सी-0779) पलाईश के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के क्षेत्रों के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य में जुट गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार वाहन में केवल एक ही व्यक्ति सवार था।

मृतक की पहचान सुमित किमटा पुत्र नरेंद्र किमटा निवासी गांव कलूण, डाकघर चम्बी, तहसील चौपाल जिला शिमला के रूप में हुई है। हादसा इतना गंभीर था कि सुमित किमटा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में शोक की लहर फैल गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना चौपाल से पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना का कारण क्या रहा, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story