राज्य श्रेष्ठ पुरस्कार लेकर लौटे मंडी के तीन शिक्षक, किया स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
राज्य श्रेष्ठ पुरस्कार लेकर लौटे मंडी के तीन शिक्षक, किया स्वागत


मंडी, 06 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश भर में चल रहे लगभग सवा सौ औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में से मंडी जिले से ही संबंध रखने वाले तीन आईटीआई अनुदेशकों को इस बार राज्य श्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार मिला है जो पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। ये शिक्षक राज्यपाल के हाथों पुरस्कार लेकर लौटे तो परिजनों ने इनका गर्मजोशी से स्वागत किया। गौरतलब है कि मंडी जिले के पधर औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र में तैनात इलेक्ट्रीशियन ट्रेड के अनुदेशक रवि दत्त शर्मा व पीआर यादव तथा औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्र मंडी में तैनात सुभाष चंद को इस बार राज्य स्तरीय श्रेष्ठ शिक्षक का अवार्ड मिला है। प्रदेश सरकार ने बीते वर्ष से ही स्कूलों से हटकर तकनीकी विभाग के शिक्षकों को भी शिक्षक अवार्ड के लिए शामिल किया था। इसके लिए तकनीकी विभाग के शिक्षकों ने मुख्यमंत्री व तकनीकी शिक्षा मंत्री का आभार जताया है।

रविवार को पुरस्कार लेकर लौटे शिक्षकों को परिजनों ने पलकों पर बिठाया और उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सोमवार को प्रशिक्षण केंद्रों पर पहुंचने पर भी इनका गर्मजोशी के साथ स्वागत होगा। जिले में तीन शिक्षकों को पुरस्कार मिलने से औद्योगिक प्रशिक्षण केंद्रों में कार्यरत कर्मचारियों, अनुदेशकों व प्रशिक्षुओं का मनोबल बढ़ा है तथा उनमें खुशी का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story