भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन कार्यों की समीक्षा, विकास में बाधा बर्दाश्त नहीं: उपायुक्त
बिलासपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन परियोजना की प्रगति को लेकर शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। बैठक में परियोजना से जुड़ी तकनीकी, प्रशासनिक और स्थानीय स्तर पर उत्पन्न हो रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि भानुपल्ली-बिलासपुर रेल लाइन राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है और इसे निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना जिला प्रशासन व संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी तथा परियोजना की गति हर हाल में बनाए रखी जाएगी।
बैठक में रेलवे अधिकारियों ने अवगत कराया कि कई बार स्थानीय लोग विभिन्न मांगों को लेकर निर्माण स्थलों पर पहुंच जाते हैं, जिससे कार्य प्रभावित होता है। कुछ मामलों में हाथापाई की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिससे अनावश्यक विलंब हो रहा है। इस पर उपायुक्त ने एसडीएम नैना देवी और संबंधित डीएसपी को निर्देश दिए कि जहां-जहां रेलवे कार्य प्रगति पर है, वहां नियमित पुलिस निगरानी सुनिश्चित की जाए और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रशासन और पुलिस के समन्वय से स्थिति पर सतत नजर रखी जाएगी।
उपायुक्त ने स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि किसी प्रकार की समस्या या शिकायत है तो वे सीधे संबंधित एसडीएम को अवगत कराएं, ताकि प्रशासनिक स्तर पर उचित समाधान सुनिश्चित किया जा सके और विकास कार्य प्रभावित न हों।
बैठक में निर्माण कंपनी को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने और श्रमिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। सुरंग निर्माण के कारण विभिन्न गांवों में मकानों को हुए संभावित नुकसान के मुद्दे पर चर्चा करते हुए कंपनी ने बताया कि इस संबंध में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान हमीरपुर से तकनीकी सर्वेक्षण कराया गया है और प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
इसके अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण, फ्लाईओवर निर्माण, प्रभावित सड़कों के मुआवजे तथा अन्य लंबित मामलों पर भी विचार-विमर्श किया गया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

