38 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद अर्धसैनिक बल से सेवानिवृत्त हुए रमेश कुमार

WhatsApp Channel Join Now
38 वर्षों की गौरवशाली सेवा के बाद अर्धसैनिक बल से सेवानिवृत्त हुए रमेश कुमार


मंडी, 06 जून (हि.स.)। मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के हवानू गांव से संबंध रखने वाले रमेश कुमार अर्धसैनिक बल में 38 वर्षों की लंबी और गौरवशाली सेवाएं देने के उपरांत सेवानिवृत्त होकर अपने घर पहुंचे। अपने गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया तथा उनकी सेवाओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में परिजनों द्वारा एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उनके सगे-संबंधियों, मित्रों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

उपस्थित लोगों ने रमेश कुमार को सम्मानित करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। रमेश कुमार ने अपने सेवा काल के दौरान नागालैंड, मणिपुर, त्रिपुरा, असम, अरुणाचल प्रदेश तथा जम्मू-कश्मीर सहित देश के विभिन्न संवेदनशील और सीमावर्ती क्षेत्रों में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने विषम परिस्थितियों में देश की सुरक्षा के लिए समर्पित भाव से कार्य करते हुए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस अवसर पर रमेश कुमार ने कहा कि वह कम आयु में ही सेवा में भर्ती हो गए थे और जीवन के लगभग 38 वर्ष घर-परिवार से दूर रहकर देश सेवा में बिताए। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी देश के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए कहा कि देश सेवा का सबसे श्रेष्ठ माध्यम सशस्त्र एवं अर्धसैनिक बल हैं। युवाओं को इन सेवाओं में भर्ती होकर राष्ट्र रक्षा में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की सेवा से बड़ा कोई धर्म और पुण्य का कार्य नहीं हो सकता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story