अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले पर डॉ. राजीव बिंदल ने प्रदेशवासियों एवं सिरमौरवासियों को दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ
नाहन, 18 नवंबर (हि.स.)।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के पावन अवसर पर समस्त हिमाचलवासियों एवं विशेष रूप से सिरमौर जनपद के लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला सिरमौर जनपद की समृद्ध धार्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक परंपराओं का प्रतीक है। यह मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी आस्था, श्रद्धा और सदियों पुरानी देव परंपरा का जीवंत स्वरूप है। माता श्री रेणुका जी और भगवान श्री परशुराम जी का पवित्र मिलन इस मेले का सबसे महत्वपूर्ण एवं भावनात्मक पक्ष है, जो मां और पुत्र के अटूट स्नेह का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर मैं माता श्री रेणुका जी एवं भगवान श्री परशुराम जी के चरणों में प्रार्थना करता हूँ कि उनकी असीम कृपा और आशीर्वाद सदैव हिमाचल प्रदेश के समस्त निवासियों तथा विशेष रूप से सिरमौरवासियों पर बना रहे।डॉ. बिंदल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला सभी के जीवन में खुशहाली, सुख, शांति एवं समृद्धि लेकर आए। प्रत्येक परिवार में सुख और आनंद का वातावरण बने तथा सभी प्रदेशवासी निरंतर उन्नति और प्रगति के मार्ग पर आगे बढ़ें।
उन्होंने अपनी मंगलकामनाएँ व्यक्त करते हुए कहा कि माता श्री रेणुका जी एवं भगवान श्री परशुराम जी के आशीर्वाद से हिमाचल प्रदेश, सिरमौर जनपद और उनके विधानसभा क्षेत्र का चहुँमुखी विकास हो। क्षेत्र के प्रत्येक गांव, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक वर्ग के जीवन में खुशहाली आए तथा विकास की नई संभावनाएं साकार हों।
यह मेला 19 नवंबर से 24 नवंबर तक मनाया जाएगा और कल इस मेले का शुभारम्भ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री दौरा किया जाएगा जबकि 24 को राज्य पल कवीन्द्र गुप्ता समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

