चार दशक बाद शुरू हुआ श्री रेणुका जी बांध परियोजना का निर्माण

WhatsApp Channel Join Now
चार दशक बाद शुरू हुआ श्री रेणुका जी बांध परियोजना का निर्माण


नाहन, 09 अप्रैल (हि.स.)। रेणुका जी क्षेत्र के लोगों का करीब 40 साल लंबा इंतजार आज खत्म हो गया है। गिरि नदी पर बनने जा रही अंतरराष्ट्रीय महत्व की श्री रेणुका जी बांध परियोजना का पहले चरण का निर्माण कार्य आज विधिवत पूजन के साथ शुरू हो गया। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विनय कुमार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

परियोजना के शुरुआती चरण में तीन विशाल सुरंगों का निर्माण किया जाना है। इन सुरंगों के निर्माण पर कुल 910 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। तकनीकी जानकारी के अनुसार बनने वाली तीनों सुरंगों की लंबाई लगभग डेढ़-डेढ़ किलोमीटर होगी, जो परियोजना के बुनियादी ढांचे का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

निर्माण कार्य की शुरुआत करते हुए विधायक विनय कुमार ने इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक पल बताया। उन्होंने कहा कि इस बांध के बनने से न केवल क्षेत्र की सूरत बदलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों की आर्थिकी में भी भारी सुधार होगा।

विस्थापितों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार उनकी मांगों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने जानकारी दी कि 158 ऐसे परिवार जो तकनीकी कारणों से ‘हाउसलेस’ (बेघर) की सूची में शामिल नहीं थे, उनकी प्रक्रियाएं पूरी कर अब उन्हें सूची में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विस्थापितों को उचित मुआवजा और उनके तमाम अधिकार सुनिश्चित किए जाएंगे।

विधायक ने कहा कि बांध का काम शुरू होना इस बात का प्रमाण है कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले समय में जो भी अन्य मांगें विस्थापितों की ओर से आएंगी, उन्हें सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा ताकि किसी भी परिवार को परेशानी का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story