रेणुका बाँध विस्थापितों ने जिलाधीश सिरमौर को सौंपा ज्ञापन, पुनर्वास की मांग
नाहन, 16 अक्टूबर (हि.स.)। रेणुका बाँध परियोजना में सुरंगों के निर्माण से विस्थापित होने वाले परिवारों ने जिलाधीश सिरमौर को ज्ञापन सौंप कर पुनर्वास व पुनर्स्थापना की मांग उठाई है।ग्राम डूनी कंडयोन व पनार कल्याण निवासी विस्थापित परिवारों कृष्ण कुमार, भरत सिंह, विमला देवी, धन कुमारी, अजय कुमार, राजेंद्र, विद्या देवी, लाजवंती देवी ने ज्ञापन में बताया कि उनके मकानों का अधिग्रहण रेणुका बाँध परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण अधिनियम की धारा (17)4 के तहत 2008 में कर लिया गया था। भू-अर्जन अधिकारी द्वारा 2010 व 2011 में मकानों का मुआवजा भी दिया जा चुका है।
परिवारों का कहना है कि अब जब बाँध निर्माण के लिए सुरंगों का कार्य शुरू किया गया है, तो हिमाचल प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी उन्हें घर खाली करने के लिए कह रहे हैं। जबकि संबंधित विभाग ने अभी तक न तो उन्हें गृह विहीन परिवार की सूची में शामिल किया है और न ही किसी प्रकार की सहायता प्रदान की है, जिससे वे किसी अन्य स्थान पर जाकर अपना जीवन यापन कर सकें।
विस्थापितों ने बताया कि कुछ परिवारों के नाम गृह विहीन सूची के लिए भेजे भी गए थे, परंतु बाद में उन्हें सूची से हटा दिया गया। सभी परिवार बहुत मुश्किल स्थिति में हैं। उन्होंने जिलाधीश महोदया से आग्रह किया है कि उनकी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए जाएं ताकि उनका अच्छे से पुनर्वास हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

