आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का रिफ्रेशर प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का रिफ्रेशर प्रशिक्षण


मंडी, 31 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला की समेकित बाल विकास परियोजना धर्मपुर के अंतर्गत बरोटी एवं मंडप वृत की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के उद्देश्य से एक दिवसीय रिफ्रेशर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में दोनों वृतों की 41 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर योजना के नवीनतम प्रावधानों एवं ऑनलाइन प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

बाल विकास परियोजना अधिकारी धर्मपुर धनी राम ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को योजना के अद्यतन दिशा-निर्देशों, पात्र लाभार्थियों की पहचान, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया तथा डिजिटल सत्यापन प्रणाली से भली-भांति अवगत कराना था। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत प्रथम जीवित संतान पर पात्र महिला को दो किस्तों में कुल 5,000 तथा दूसरी संतान बालिका होने की स्थिति में 6,000 की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन, पीएमएमवीवाई पोर्टल पर समयबद्ध आवेदन एवं अभिलेख अपलोड करने, एनपीसीआई मैपिंग तथा फेस रिकॉग्निशन सिस्टम के माध्यम से डिजिटल सत्यापन की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके अतिरिक्त प्रशिक्षण सामग्री एवं वीडियो तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड भी उपलब्ध करवाए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story