राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए ऑनलाइन करें आवेदन : एन. आर.ठाकुर
मंडी, 02 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा ऑनलाइन आवेदन मांगे गए है। यह पुरस्कार हर वर्ष असाधारण प्रतिभा के जौहर दिखाने वाले बच्चों को दिए जाते है। जिला बाल संरक्षण अधिकारी मंडी एन. आर. ठाकुर ने कहा की बच्चे हमारे देश की अमूल्य धरोहर है। उनके द्वारा किए अनूठे कार्यों को प्रोत्साहन मिले उसके लिए ऐसे पुरस्कार जरूरी है ताकि देश के भविष्य को नया आकार मिल सके।
ठाकुर ने कहा की असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों को सम्मानित करने के मकसद से प्रधानमंत्री राष्ट्रिय बाल पुरस्कार हर साल 1996 से दिए जा रहे है। इस वर्ष भी ये पुरस्कार दिल्ली में देश की महामहिम राष्ट्रपति द्वारा भेंट किए जाएंगे। ये पुरस्कार उन बच्चों को मिलते है जिन्होने कला और संस्कृति,बहादुरी, नवाचार (इनोवेशन), शैक्षणिक, सामाजिक सेवा और खेल में उत्कृष्टता के लिए समाज में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया हो।ठाकुर ने कहा की हर जिला से ऐसे तीन बच्चों को नॉमिनेट किया जाएगा जिसके लिए आवेदन 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल https://awards.gov.in में स्वयं या अपने मातापिता, अधिकारी या अध्यापक के माध्यम से कर सकते है। हिमाचल सरकार, डिप्टी कमिश्नर या पंचायती राज संस्थाओं के माध्यम से भी ऐसे बच्चों के नाम प्रस्तावित किए जा सकते है जिन्होने असाधारण प्रतिभा के चलते किसी उपरोक्त क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हों जो समाज के लिए प्रेरणा स्त्रोत साबित हों।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

