हिमाचल में एफआईआर राज चला रही सुक्खू सरकार : राजिंदर राणा

WhatsApp Channel Join Now
हिमाचल में एफआईआर राज चला रही सुक्खू सरकार : राजिंदर राणा


शिमला, 30 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश वरिष्ठ प्रवक्ता राजिंदर राणा ने हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से काम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विरोध की आवाज उठाने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही हैं और पुलिस का दुरुपयोग किया जा रहा है।

गुरुवार को जारी बयान में राणा ने कहा कि 25 जुलाई को भाजपा की चार्जशीट समिति की बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार की बेचैनी साफ दिखाई देने लगी है। उनका दावा है कि पिछले लगभग पौने चार वर्षों के दौरान सरकार की कथित विफलताओं और घोटालों को छिपाने के लिए राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाया जा रहा है।

राजिंदर राणा ने धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा के खिलाफ दर्ज एफआईआर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह मामला पूरी तरह राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है। राणा का दावा है कि संबंधित विभागों ने पहले ही कई स्तर पर जांच की थी। उनके अनुसार, विजिलेंस ने आवास का निरीक्षण किया था और आयकर विभाग ने भी आवश्यक जांच पूरी की थी, जिसमें दस्तावेज नियमों के अनुरूप पाए गए। इसके बावजूद मुख्यमंत्री के दबाव में पुलिस अधिकारियों से एफआईआर दर्ज करवाई गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अधिकारियों पर दबाव बनाए जाने की बातें अब सामने आने लगी हैं।

राजिंदर राणा ने कहा कि केवल धर्मशाला ही नहीं, देहरा, हमीरपुर और अन्य क्षेत्रों के भाजपा विधायकों के साथ-साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को भी झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कानून-व्यवस्था मजबूत करने, नशा तस्करी, गोलीबारी, हत्या और अन्य बढ़ते अपराधों पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई में अधिक रुचि दिखा रही है।

राणा ने कहा कि भाजपा का स्पष्ट मत है कि यदि कोई व्यक्ति अपराध करता है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए, लेकिन राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था और हिमाचल प्रदेश की शांतिपूर्ण परंपरा के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कांग्रेस सरकार से प्रतिशोध की राजनीति छोड़कर जनहित और सुशासन पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

Share this story