कोटली में नीलम को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन, निकाली रैली

WhatsApp Channel Join Now
कोटली में नीलम को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन, निकाली रैली


मंडी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। मंडी जिला के उपमंडल कोटली में कथित तौर पर घर के भीतर जिंदा जलाने से हुई महिला की मौत को लेकर लोगों ने रैली निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना में महिला की पीजीआई में मौत हो गई है। उसी महिला नीलम को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर सोमवार को कोटली में एक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें सैंकड़ों लोगों ने भाग लिया। न्यू बस स्टैंड कोटली से शुरू होकर रैली नारे लगाते हुए एसडीएम कार्यालय तक पहुंची। जहां पूर्व सूचना देने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी समय पर उपस्थित नहीं हुए।

समाजसेविका अनुपमा सिंह ने बताया कि इस बारे में कुछ दिन पहले जानकारी दी गई थी और ज्ञापन देने के लिए प्रशासन से समय लिया गया था। इसके बावजूद भी लापरवाही प्रशासन के संजीदा होने पर सवाल खड़ा करती है। उन्होंने बताया कि इसके पश्चात एसडीएम साहब को फ़ोन करके बुलाया गया और लगभग एक घंटे बाद उनके पहुंचने पर उन्हें भी ज्ञापन सौंपा गया। इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं और पुरुषों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी खुलकर सामने आएं, उनसे सीधी बातचीत करें और अब तक हुई कार्रवाई की स्पष्ट जानकारी लोगों को दें।

उन्होंने बताया कि यह हृदयविदारक घटना कुछ दिन पूर्व तुंगल क्षेत्र में घटी है , जब एक महिला को उसके ही घर के भीतर जिंदा जला दिया गया। उसकी दोनों टांगे पूरी तरह टूटी हुई पायी गई । लगभग 10–12 दिन तक वह पीजीआई में जीवन के लिए संघर्ष करती रही, परंतु अंततः उसने दम तोड़ दिया। वह अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई।

अनुपमा सिंह ने बताया कि यह रैली केवल एक परिवार के लिए नहीं, बल्कि समाज में न्याय और सुरक्षा की पुकार थी। कोटली की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि अन्याय के विरुद्ध उनकी आवाज़ लगातार उठती रहेगी, जब तक नीलम को न्याय नहीं मिल जाता।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा

Share this story