जनता ने कांग्रेस सरकार को नकारा, अब चुनाव हारने के बाद संस्थानों पर ताले लगाकर बदला ले रही सरकार : डॉ. बिंदल

WhatsApp Channel Join Now
जनता ने कांग्रेस सरकार को नकारा, अब चुनाव हारने के बाद संस्थानों पर ताले लगाकर बदला ले रही सरकार : डॉ. बिंदल


नाहन, 05 जून (हि.स.)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज केवल एक विषय नहीं बल्कि मानव अस्तित्व से जुड़ा हुआ संकल्प है। पर्यावरण को बचाने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आना होगा और सामूहिक प्रयास करने होंगे। नाहन में उन्होंने पौधरोपण का शुभारंभ भी किया

इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि हाल ही में राज्य सरकार द्वारा फिर से शिक्षण संस्थानों को बंद करने संबंधी अधिसूचना जारी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव समाप्त होते ही सरकार ने जनता के साथ किया गया अपना वास्तविक व्यवहार फिर सामने ला दिया है।

बिंदल के कहा कि सिरमौर के रोनहाट सहित कई क्षेत्रों के कॉलेजों और संस्थानों को बंद करने का निर्णय प्रदेश के युवाओं और दूरदराज के क्षेत्रों के विद्यार्थियों के साथ अन्याय है। भाजपा लगातार कहती रही है कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री जहां जाते हैं, वहां विकास नहीं बल्कि संस्थानों पर ताले लगाने का काम होता है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अब तक लगभग 2000 स्कूल, कॉलेज और अन्य संस्थानों को बंद करने का काम किया है। इससे बड़ा अन्याय प्रदेश की जनता के साथ नहीं हो सकता। जनता ने स्थानीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों में कांग्रेस सरकार को स्पष्ट रूप से नकार दिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावों में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस सरकार जनता से बदला लेने की मानसिकता से काम कर रही है। विकास कार्यों को रोकना, संस्थानों को बंद करना और जनहित की योजनाओं को कमजोर करना इसी मानसिकता का परिणाम है।और भाजपा इसके लिए संघर्ष करने के लिए मैदान में उतरेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story