कार्यकर्ता भाजपा की रीढ़ : डॉ. राजीव बिंदल

WhatsApp Channel Join Now

नाहन, 22 दिसंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा संगठन की रीढ़ हैँ। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं के फीड बैक के आधार पर ही संगठन रणनीति तैयार करता है और उसे ज़मीन पर उतरता है। भाजपा के लाखों कार्यकर्ता प्रदेश भर में जमीनी स्तर पर श्रेष्ठ कार्य कर रहे हैँ।

डॉ. राजीव बिंदल साेमवार काे नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत आमवाला-सैनवाला और सलानी-कटोला पंचायतों में बूथ स्तरीय बैठकों में कार्यकर्ताओं और उपस्थित लोगों को सम्बोधित कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने अपने प्रवास के दौरान आमवाला, सैनवाला, सलानी और मोहलिया-कटोला बूथों पर आयोजित बैठकों में कार्यकर्ताओं के साथ संगठन के विभिन्न विषयों पर मंत्रणा की और सुझाव तथा फीड बैक लिए।डॉ. बिंदल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र के 121 बूथों पर कार्यकर्ताओं के साथ बूथ सम्पर्क अभियान और बैठकों का दौर निरंतर जारी रहेगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस सरकार की जन विरोधी नीतियों से जनता दुखी है। आमजन की समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। सड़कों पर गड्ढे हैं, मिट्टी बिछा कर गड्डे भरे जा रहे हैं। पेयजल योजनाओं का बुरा हाल है, पर कांग्रेस सरकार सोई हुई है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार का तीन साल का कार्यकाल जनता के लिए अभिशाप बन गया है और जनता जल्द से जल्द कांग्रेस सरकार से छुटकारा चाहती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर

Share this story